हजारीबाग मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिंघानी इलाके में नोटिस तामिला कराने गई महिला चौकीदार के साथ मारपीट और धक्का मुक्की की घटना सामने आई है।पुलिस के अनुसार महिला चौकीदार जब नोटिस देने पहुंचीं उसी दौरान वहां कथित रूप से महुआ दारू बेचने वाले परिवार का वीडियो मोबाइल से बनाया जा रहा था। वीडियो बनाने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि सास गीता देवी बहू मोना देवी और बेटा मुकेश राम ने मिलकर महिला चौकीदार के साथ मारपीट की।इस दौरान मोबाइल छीनने की कोशिश करते हुए धक्का मुक्की भी की गई। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस सक्रिय हुई और रात्रि गश्ती के दौरान छापेमारी कर गीता देवी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने कांड संख्या 64/2026 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी मुकेश राम मौके से फरार हो गया जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस ने यह भी बताया कि मुकेश राम की पत्नी मोना देवी को दो वर्षीय बच्चे के कारण नोटिस पर छोड़ दिया गया है। साथ ही मामले में मीडिया के समक्ष गलत बयान दिए जाने की बात भी सामने आई है।सूत्रों के मुताबिक मुकेश राम के खिलाफ पहले भी घरेलू विवाद और मारपीट की शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।