हजारीबाग : जिला कांग्रेस कमिटी के मीडिया विभाग के जिला अध्यक्ष निसार खान ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मंशा इस विधेयक को लेकर स्पष्ट नहीं है और इसे राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है.

निसार खान ने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर पूरा विपक्ष एकजुट है और वर्ष 2023 में सर्वसम्मति से पारित विधेयक को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक के गिरने से परिसीमन को लेकर केंद्र की साजिश विफल हो गई है, जो लोकतंत्र और संविधान की जीत है.

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन लागू करना चाहती थी, जिससे बिना जातीय आंकड़ों के राजनीतिक लाभ उठाया जा सके. उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर विपक्ष को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है.

निसार खान ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इस मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी.