सोहराय मिलन समारोह में चंपाई सोरेन
जामताड़ा जिले के
नाला विधानसभा अंतर्गत पांच मोहाली हटिया मैदान में आयोजित सोहराय पर्व मिलन समारोह में झारखंड के पूर्व
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन मुख्य अतिथि के रूप
में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं
ने पारंपरिक गमछा पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।इस अवसर पर चंपाई सोरेन ने
उपस्थित लोगों को सोहराय सहराई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व
आदिवासी संस्कृति परंपरा और प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव का प्रतीक है जिसे पूरे हर्षोल्लास
और सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए।अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री ने पेसा
नियमावली को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया
कि हाईकोर्ट के दबाव और विपक्ष के आंदोलन के बाद सरकार पेसा नियमावली लेकर आई है लेकिन इसके मूल
स्वरूप से छेड़छाड़ कर दी गई है। चंपाई सोरेन ने कहा कि
पेसा के नाम पर आदिवासी समाज के साथ धोखा किया गया है।उन्होंने कहा कि ग्रामसभा के
गठन से रूढ़िजन्य विधि और धार्मिक प्रथा जैसे महत्वपूर्ण
शब्दों को हटाया जाना पेसा अधिनियम की आत्मा पर सीधा प्रहार है। पहले ही पृष्ठ पर
ग्रामसभा अध्यक्ष की नियुक्ति का प्रावधान कर सरकार ने यह साफ कर दिया है कि वह
आदिवासियों को अधिकार देने के बजाय उनके अधिकार कमजोर करना चाहती है।चंपाई सोरेन
ने कहा कि भारतीय संविधान की धारा 13(3)(क) में भी रूढ़िजन्य प्रथाओं को मान्यता दी गई है लेकिन राज्य सरकार ने
इसे नजरअंदाज किया। यदि ग्रामसभा में पारंपरिक व्यवस्था को दरकिनार किया जाएगा तो
पेसा कानून का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा। उन्होंने इसे आदिवासियों के अधिकार छीनने
की साजिश बताते हुए हर स्तर पर विरोध का ऐलान किया।इसके साथ ही उन्होंने झारखंड
सरकार पर बांग्लादेशी घुसपैठ को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए
कहा कि सरकार मूल निवासियों और आदिवासियों के हितों की अनदेखी कर रही है जिससे राज्य की
सामाजिक संरचना और रोजगार पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या
में ग्रामीण जनप्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता
और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सोहराय पर्व को पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक रंग में
मनाया गया।















