बिहार बंद के बाद सिवान में आज भी इंटरनेट और सोशल मीडिया बंद, मुजफ्फरपुर-औरंगाबाद से प्रतिबंध हटा
सिवान : पटना बिहार बंद के दौरान सिवान जिले में हुई
हिंसा और उपद्रव के बाद राज्य के गृह विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले में
इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध जारी रखा है। यह निर्णय जिला
प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों के प्रसार को
रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। वहीं, मुजफ्फरपुर और औरंगाबाद में हालात सामान्य
होने के बाद इंटरनेट सेवाओं पर लगाया गया प्रतिबंध समय से पहले हटा लिया गया है। गृह
विभाग के आदेश के अनुसार, सिवान
में शनिवार शाम 5:30 बजे से रविवार शाम 5:30 बजे तक फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और स्नैपचैट
समेत प्रमुख सोशल मीडिया एवं इंस्टेंट मैसेजिंग सेवाओं पर रोक लगाई गई है। हालांकि,
सरकारी कार्यों और बैंकिंग जैसी आवश्यक
सेवाओं के लिए इंटरनेट सुविधा चालू रखी गई है। बिहार
बंद के दौरान सिवान में प्रदर्शन के दौरान हिंसा और पथराव की घटनाएं सामने आईं।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस
और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें तीन छात्र घायल हुए और उन्हें बेहतर
इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। वहीं, पुलिस अधीक्षक (एसपी), दो डीएसपी सहित 25 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। प्रशासन
ने बताया कि उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और अब तक पांच
दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
है। गृह विभाग का कहना है
कि हिंसा के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ और भ्रामक संदेश फैलने की आशंका
को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि
जिले में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था बनी रहे। हालांकि, इंटरनेट प्रतिबंध के कारण आम लोगों और
कारोबार से जुड़े कई लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।















