वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी चेक के दौरान एयर इंडिया के एक यात्री की लाइसेंसी पिस्तौल से अचानक गोली चल गई। घटना में दो AAICLAS स्क्रीनर के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी ANI के हवाले से सामने आई है। बताया जा रहा है कि यात्री अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था।
सिक्योरिटी चेक के दौरान चली गोली
बताया जा रहा है कि यात्री की पहचान कमलेश राय के रूप में हुई है और वह उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है। उसके पास लाइसेंसी पिस्तौल थी।
एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी चेक के दौरान AAICLAS (AAI Cargo Logistics & Allied Services Company Limited) के स्क्रीनर पिस्तौल की जांच कर रहे थे। इसी दौरान हथियार में मौजूद गोलियों की जांच की जा रही थी और अचानक एक राउंड फायर हो गया।
सुबह करीब 9:30 बजे हुई घटना
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। यात्री ने मुंबई जाने से पहले सुरक्षा जांच के दौरान अपने पास हथियार होने की जानकारी दी थी।
हथियार की जांच के दौरान गोली चलने से दो AAICLAS स्क्रीनर घायल हो गए। दोनों को तत्काल न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने शुरू की जांच
वाराणसी एयरपोर्ट डायरेक्टर के मुताबिक हथियारों की जांच के दौरान एक राउंड फायर हुआ। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल जांच इस बात पर केंद्रित है कि लाइसेंसी पिस्तौल से गोली किस परिस्थिति में चली और सुरक्षा जांच के दौरान हथियार को कैसे हैंडल किया जा रहा था।
एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाना था
कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जाने वाले थे। घटना एयरपोर्ट के सुरक्षा जांच क्षेत्र में हुई। घटना के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।














