सरायकेला-खरसावां चांडिल कपाली ओपी पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर प्लेट की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, शनिवार को गश्त के दौरान बंधुगोड़ा बढ़ गाछ चौक के पास बिना नंबर प्लेट की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार एक युवक को रोका गया। पुलिस ने युवक से बाइक के कागजात मांगे, लेकिन वह टालमटोल करने लगा।पूछताछ के दौरान युवक ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त मोटरसाइकिल 5,500 रुपये में खरीदी है। इसके बाद पुलिस ने बाइक के संबंध में जांच शुरू की।

जांच में सामने आया चोरी का मामला

पुलिस जांच में पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल कपाली के कमारगोड़ा निवासी एक व्यक्ति की है। यह बाइक कुछ दिन पहले जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।मोटरसाइकिल के चोरी की होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने बाइक सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान अरशद अंसारी के रूप में

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरशद अंसारी (20 वर्ष), पिता राजू अंसारी, निवासी इस्लामनगर पहला मोड़, मदरसा के पास, कपाली के रूप में हुई है।कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।