MCD मुख्यालय में CBI की छापेमारी, विज्ञापन विभाग का कर्मचारी हिरासत में; कार से मिली लाखों की नकदी
नई दिल्ली: दिल्ली के सिविक सेंटर स्थित MCD मुख्यालय में बुधवार शाम CBI की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। सादे कपड़ों में पहुंची CBI की टीम ने बेसमेंट-2 में एक MCD कर्मचारी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसकी कार से लाखों रुपये की नकदी मिलने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, सिविक सेंटर के बेसमेंट-2 में ए ब्लॉक की लिफ्ट के सामने सादे कपड़ों में पहुंचे CBI अधिकारियों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, टीम ने उसे काबू में लेकर पूछताछ की। घटनाक्रम का वीडियो बनाए जाने के बाद अधिकारियों ने वीडियो और फोटो डिलीट करने को कहा और खुद को CBI टीम का सदस्य बताया। इसके बाद CBI टीम ने बेसमेंट में खड़ी एक यूपी नंबर की ब्लैक Mercedes कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से नकदी बरामद होने की जानकारी है। अधिकारियों ने कार के बोनट पर बरामद नोटों की गड्डियां रखकर उनकी तस्वीरें भी लीं। MCD सूत्रों के मुताबिक, पकड़ा गया कर्मचारी विज्ञापन विभाग में SSA (UDC) के पद पर तैनात है और पिछले कई वर्षों से विभाग में काम कर रहा है। सूत्रों का दावा है कि उसका पार्किंग विभाग के कामकाज में भी दखल था। CBI टीम उसे MCD मुख्यालय की 25वीं मंजिल पर स्थित कार्यालय में भी लेकर गई, जहां विज्ञापन और पार्किंग विभाग से जुड़े दफ्तरों की तलाशी ली गई। CBI अधिकारियों ने 25वीं मंजिल स्थित कार्यालय में अलमारियों, दराजों और अन्य जगहों पर रखे दस्तावेजों तथा विभागीय रिकॉर्ड की जांच की। तलाशी के दौरान कुछ दस्तावेज और अन्य सामग्री कब्जे में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। CBI की कार्रवाई किस मामले और किन आरोपों के तहत की गई, बरामद नकदी की सटीक रकम कितनी है और कर्मचारी की औपचारिक गिरफ्तारी हुई है या नहीं, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने आना बाकी है।बेसमेंट में कर्मचारी को पकड़ा
विज्ञापन विभाग में तैनात है कर्मचारी
दस्तावेज और विभागीय रिकॉर्ड की जांच














