TMC फंड केस में ED का बड़ा एक्शन, कोलकाता में 5 ठिकानों पर छापेमारी, जांच के घेरे में ‘चार्टर्ड एविएशन कंपनी’
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में कथित TMC फंड केस को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता और आसपास के इलाकों में पांच स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच एजेंसी का यह अभियान मुख्य रूप से Carewell Aviation नामक चार्टर्ड एविएशन कंपनी और उसके निदेशकों से जुड़े परिसरों पर केंद्रित है। ईडी इस बात की जांच कर रही है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं द्वारा इस्तेमाल की गई चार्टर्ड फ्लाइट्स और हेलीकॉप्टर की पेमेंट किन स्रोतों से की गई थी और कहीं इसके लिए संदिग्ध बैंक खातों का इस्तेमाल तो नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीमों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ सॉल्ट लेक, राजारहाट और राधाबाजार समेत पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कंपनी के कार्यालयों के साथ-साथ उसके निदेशक पवन जाजू और राजेश जाजू के आवासों की भी तलाशी ली गई। एजेंसी दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है। दोनों निदेशकों से पूछताछ भी की जा रही है। यह कार्रवाई कथित TMC फंड केस और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोपों की जांच के तहत की जा रही है। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के कुछ बैंक खातों में संदिग्ध लेन-देन हुए और चुनावी चंदे के नाम पर वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं। पूर्व टीएमसी कोषाध्यक्ष अरूप बिस्वास की शिकायत के बाद इन खातों को फ्रीज करने की मांग उठी थी। इसके अलावा, भाजपा के जयनगर विधायक ने भी बिधाननगर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए तीन बैंक खातों के माध्यम से बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया था। इन शिकायतों के आधार पर संबंधित बैंक खातों को फ्रीज किया गया और बाद में ईडी ने जांच अपने हाथ में ले ली। सूत्रों के अनुसार, जांच का एक अहम पहलू TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी द्वारा इस्तेमाल की गई चार्टर्ड फ्लाइट्स और हेलीकॉप्टर से जुड़ा है। ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन महंगी उड़ानों का भुगतान किन खातों से किया गया और क्या इनका संबंध कथित संदिग्ध फंड से है। TMC नेता रीतिब्रत बनर्जी ने दावा किया है कि इतनी बड़ी रकम के स्रोत पर सवाल उठना स्वाभाविक है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ईडी का सर्च ऑपरेशन जारी है और जांच एजेंसी वित्तीय दस्तावेजों तथा डिजिटल रिकॉर्ड की गहन पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।जानें क्या है पूरा मामला?
अभिषेक बनर्जी के दौरे भी जांच के दायरे में
फिलहाल जांच जारी















