गुमला चैनपुर में बिजली विभाग का ‘कमाल’: सड़क के ऊपर झूल रहे मौत के तार!
गुमला चैनपुर प्रखंड के
बरवे नगर पंचायत अंतर्गत फुलवार टोली में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर
ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। रिहायशी और आवाजाही वाले इलाके में 11
हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार काफी नीचे
तक झूल रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। फुलवार टोली में सड़क के ऊपर झूलते
हाईटेंशन तार लोगों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तार
जमीन से काफी कम ऊंचाई पर लटक रहे हैं। ऐसे में सड़क से गुजरने वाले लोगों और
वाहनों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से
समस्या की ओर ध्यान दिलाने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक तारों को दुरुस्त
कराने के लिए ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तारों को
सुरक्षित ऊंचाई पर नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। मामले को लेकर कांग्रेस प्रखंड
अध्यक्ष सह उप प्रमुख प्रमोद खलखो
ने बिजली विभाग के रवैये पर कड़ा रोष
जताया। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में इस तरह हाईटेंशन तारों का झूलना बेहद
गंभीर मामला है। विभाग को तत्काल मौके का निरीक्षण कर तारों को दुरुस्त करना चाहिए, ताकि किसी अनहोनी को
रोका जा सके। ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग से मांग की
है कि हादसे का इंतजार करने के बजाय तत्काल झूलते 11 केवी तारों की मरम्मत
और उचित ऊंचाई पर व्यवस्था
की जाए। लोगों का कहना है कि बिजली जैसी
जरूरी सुविधा के साथ सुरक्षा की जिम्मेदारी भी विभाग की है। अब देखना यह होगा कि बिजली विभाग
ग्रामीणों की शिकायत और जनप्रतिनिधि की नाराजगी के बाद कब तक कार्रवाई करता है।
सवाल यही है कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे से पहले जागेगा या फिर दुर्घटना के
बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद खुलेगी















