बोकारो :  झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव एवं मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर चंदनकियारी स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रधान कार्यालय में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

शोकसभा में पूर्व मंत्री सह चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर उमाकांत रजक ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उनके निधन से झारखंड ने एक कर्मठ, जुझारू, सरल और जनसमर्पित नेता को खो दिया है। पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के साथ बिताए समय और उनके संघर्षशील व्यक्तित्व की स्मृतियां हमेशा जीवंत रहेंगी। उनका निधन केवल झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

उमाकांत रजक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

शोकसभा में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

शोकसभा में विश्वनाथ महतो, अशोक दौषंधी, हानिफ अंसारी, राजेश भगत, बाटुल राय, बबलू सिंह चौधरी, बिरेन रजवार, शत्रुघ्न महतो, शरत टुडू, रंजीत महथा, मिनाज अंसारी, रमेश महतो, मथुर गोप, अरुण सिंह देव, राजीव रंजन झा, रंजीत दास, अमृत बाउरी, तापु शेखर, मनोज सिंह, मुबारक, विकाश सिंह, काजल चक्रवर्ती, आशीष बेसरा, संजीत कुंभकार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।