गिरिडीह में सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोकसभा डीसी समेत अधिकारियों कर्मचारियों ने दी श्रद्धांजलि
गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह के
जनप्रतिनिधि सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से
पूरा जिला शोक में डूबा हुआ है। उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर लगातार
शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। इसी
क्रम में मंगलवार को गिरिडीह समाहरणालय
सभागार में जिला प्रशासन की ओर से शोकसभा आयोजित की गई। इसमें जिले के
वरीय पदाधिकारियों से लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए और
दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। शोकसभा
के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव समेत उपस्थित
पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर
उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान समाहरणालय सभागार का माहौल पूरी तरह गमगीन रहा। अधिकारियों
और कर्मचारियों ने दिवंगत मंत्री के व्यक्तित्व एवं उनके सार्वजनिक जीवन को याद
करते हुए उनके निधन को गिरिडीह और पूरे
झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया। श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के बाद सभी उपस्थित लोगों ने दो
मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए
प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की
शक्ति प्रदान करने की कामना की गई। इस
अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सुदिव्य
कुमार सोनू का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से
गिरिडीह ही नहीं, बल्कि
पूरे झारखंड ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि और जनसेवक को खो दिया है। शोकसभा
में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता समेत विभिन्न विभागों
के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अधिकारी
और समाहरणालय के कर्मचारी मौजूद रहे। सभी
ने दिवंगत मंत्री के निधन पर गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि उनका असामयिक निधन
जिले और राज्य के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कठिन है। जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं
कर्मचारियों ने शोकसभा के माध्यम से दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति अपनी
श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया तथा उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त
की।















