सोनुआ: सोनुआ पुलिस ने शनिवार सुबह अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनएच-320डी स्थित सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर बेगुना के पास सड़क पर खड़ी अवैध बालू लदी एक ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस के पहुंचने के समय ट्रैक्टर का इंजन मौके से गायब था। पुलिस ने जब्त ट्रॉली को सोनुआ थाना परिसर में सुरक्षित रखा है।

पुलिस ने मामले की सूचना जिला खनन विभाग को दे दी है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की छापेमारी की भनक लगने के बाद चालक ट्रैक्टर की ट्रॉली छोड़कर इंजन लेकर मौके से फरार हो गया।

कारो नदी के अवैध बालू घाटों से परिवहन का आरोप

बताया जाता है कि एनजीटी के नियम लागू होने और पुलिस की लगातार छापेमारी के बावजूद गुदड़ी और गोइलकेरा क्षेत्र में कारो नदी के कथित अवैध बालू घाटों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए बालू का परिवहन किया जाता है। यह बालू चक्रधरपुर और कराईकेला क्षेत्र में पहुंचाए जाने की बात सामने आती रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अवैध बालू परिवहन का यह सिलसिला लंबे समय से जारी है। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद बालू तस्करी पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

खनन विभाग करेगा आगे की कार्रवाई

सोनुआ पुलिस ने जब्त ट्रॉली की सूचना जिला खनन विभाग को दे दी है। अब खनन विभाग की जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि बालू का परिवहन अवैध तरीके से किया जा रहा था या नहीं। विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस जब्त ट्रॉली के संबंध में आवश्यक जांच कर रही है और ट्रैक्टर के इंजन तथा चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।