श्रीकृष्ण के षष्ठी महापर्व पर भक्ति जागरण में झूमे श्रद्धालु, खुशबू शर्मा और मंटू निराला की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गढ़वा: रंका अनुमंडल
मुख्यालय के सोनार मोहल्ला स्थित पुरानी अस्पताल चौक के समीप शिव चबूतरा परिसर में
भगवान श्रीकृष्ण के षष्ठी महापर्व के अवसर पर भव्य भक्ति
जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजा समिति,
रंका के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम
की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विकास
कुमार मद्धेशिया ने की। धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल
में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु और दर्शक शामिल
हुए। कार्यक्रम
का शुभारंभ रंका अंचल के पुलिस निरीक्षक अभिजीत
गौतम मिश्रा, थाना
प्रभारी रवि कुमार केसरी, रिशु
दुबे एवं सामाजिक कार्यकर्ता राजेश
कुमार मद्धेशिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम
स्थल को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। शाम होते ही आसपास के क्षेत्रों से
श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और देखते ही देखते परिसर दर्शकों
से भर गया। भक्ति
जागरण की शुरुआत स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति से हुई। कलाकारों ने भगवान
श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों पर आधारित नृत्य
एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। श्रीकृष्ण
की लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों के शानदार
प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच
देने की समिति की पहल की लोगों ने सराहना की। इसके
बाद बिहार की चर्चित गायिका खुशबू शर्मा ने अपनी भक्ति
प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भक्तिरस घोल दिया। उनके साथ टीवी सीरियल कलाकार मंटू निराला और उनकी टीम ने भी
भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। श्रीकृष्ण
और अन्य देवी-देवताओं से जुड़े भजनों की मधुर धुन पर देर रात तक श्रद्धालु झूमते
रहे। युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी भक्ति गीतों का आनंद लेते नजर आए। स्थानीय
कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य
से समिति के संरक्षक संजय प्रसाद की ओर से पुरस्कार
वितरण किया गया। सभी
विजेताओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने के बाद कलाकारों में
खासा उत्साह देखने को मिला। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को
आगे बढ़ाने के लिए भविष्य में भी उन्हें मंच उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्य
अतिथि रिशु दुबे ने कहा कि सनातन धर्म
के प्रचार-प्रसार और धार्मिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में भक्ति जागरण जैसे
आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी परंपरा,
संस्कृति और धार्मिक विरासत से जोड़ने
के लिए ऐसे कार्यक्रम जरूरी हैं। अंचल
पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम मिश्रा ने कहा कि सनातन धर्म
और भारतीय संस्कृति के संवर्धन के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का विशेष
महत्व है। ऐसे कार्यक्रम लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं और
समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं। थाना
प्रभारी रवि कुमार केसरी ने भी आयोजन समिति को
बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से लोगों में धार्मिक एवं सामाजिक
जागरूकता बढ़ती है और आपसी मेल-जोल एवं भाईचारे की भावना मजबूत होती है। समिति
के अध्यक्ष विकास कुमार मद्धेशिया ने कार्यक्रम को सफल
बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, कलाकारों, श्रद्धालुओं
और समिति के सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य
धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम
के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया। देर रात तक कार्यक्रम स्थल
पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और लोगों ने शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में
जागरण का आनंद लिया। इस
मौके पर उमेश सोनी, बनारसी सोनी, राजेश साहू, रघु साहू, गोपाल साहू, शिक्षक रमेश प्रसाद, अविनाश कुमार, जितेंद्र कुमार, प्रिंस कुमार, कुंदन कुमार, रंजन कुमार, सागर कुमार, समाजसेवी श्याम सुंदर प्रसाद, पूर्व मुखिया महिमा गुप्ता, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि राहुल कुमार
तिवारी, प्रेम
तिवारी, सुमित
कुमार पाठक, अमित
कुमार पाठक, बड़े
पाठक, देवेंद्र
पाठक, दिलीप
कुमार सोनी सहित समिति के सदस्य, स्थानीय कलाकार और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु
उपस्थित रहे।🎭 स्थानीय कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
🎤 खुशबू शर्मा और मंटू निराला ने बांधा समां
🏆 स्थानीय कलाकारों को किया गया सम्मानित
🗣️ धार्मिक संस्कृति को बचाए रखने पर जोर














