रामगढ़ के लपंगा में बिरसा जयंती की धूम, पारंपरिक गीत-संगीत पर झूमे ग्रामीण
रामगढ़। जिले के भदानी नगर स्थित लपंगा आईजी ग्राउंड में रविवार को भगवान बिरसा मुंडा जयंती समारोह एवं जतरा मेले का आयोजन धूमधाम से किया गया। मेले का उद्घाटन विधायक रोशन लाल चौधरी ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों और कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया। इसके अलावा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए, जिनमें कलाकारों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से आदिवासी संस्कृति की झलक पेश की। कार्यक्रम में विधायक रोशन लाल चौधरी के अलावा झामुमो के जिला संयोजक मंडली प्रमुख विनोद किस्कू और पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव भी पहुंचे। जतरा मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। देर शाम तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोग पारंपरिक गीत-संगीत की धुन पर झूमते नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष नागेंद्र बेदिया, कोषाध्यक्ष रवि करमाली, विजय बेदिया, सचिव राजेश महतो, उपसचिव विजय करमाली और उपाध्यक्ष तारनी बेदिया सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।बच्चों ने डांस प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग हुए शामिल
आयोजन में आदिवासी संस्कृति और परंपरा की दिखी झलक














