गिरिडीह। तिसरी थाना क्षेत्र के साप्ताहिक हाट से बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में तिसरी निवासी इंद्रदेव कुमार ने स्थानीय थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी हुई बाइक की बरामदगी की गुहार लगाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, इंद्रदेव कुमार अपनी बाइक संख्या JH11V 9565 को साप्ताहिक हाट के समीप खड़ी कर सब्जी खरीदने गए थे। कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो बाइक वहां से गायब थी। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने तिसरी थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया और बाइक बरामद करने की मांग की।

पीड़ित इंद्रदेव कुमार ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को उक्त बाइक के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो मोबाइल नंबर 6207065898 पर सूचना दें।

बताया जाता है कि तिसरी के साप्ताहिक हाट से बाइक चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी बाजार परिसर से कई बाइक चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार आने वाले लोगों में चिंता बनी हुई है।

गौरतलब है कि तिसरी बाजार में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चौकीदार की तैनाती भी की गई है। इसके बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित की बाइक कब तक बरामद हो पाती है।