रामगढ़। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में नशामुक्ति को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज ने जिला समाहरणालय परिसर से नशामुक्ति जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा। इसके माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नशामुक्त समाज के लिए जनभागीदारी जरूरी : डीसी

इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका प्रतिकूल असर पूरे परिवार और समाज पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास और व्यापक जन-जागरूकता जरूरी है।

कई अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, गोला की प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सुधा वर्मा, अभियान संस्था के झारखंड कोऑर्डिनेटर आकाश शर्मा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन का उद्देश्य जागरूकता वाहन के माध्यम से जिले के अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना है।