पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में 14 वर्षीय नाबालिग के अपहरण मामले में पुलिस को सफलता मिली है। हिरणपुर थाना क्षेत्र के डांगापाड़ा चौक से नाबालिग के अपहरण की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बिहार की राजधानी पटना से सकुशल बरामद कर लिया। वहीं, मामले में कथित रूप से शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पाकुड़ पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व और हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार की अध्यक्षता में छापेमारी दल गठित कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिली मदद

नाबालिग की बरामदगी के लिए गठित एसआईटी ने लगातार छापेमारी की। इस दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई। इसके अलावा नाबालिग के मोबाइल से संबंधित जानकारियां जुटाई गईं और उसके दोस्तों से पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने 24 घंटे के भीतर पटना से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

महाराष्ट्र के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के पुणे जिले के इंदापुर थाना क्षेत्र के लोनीदेवकर निवासी जावेद शेख के 19 वर्षीय पुत्र अमर शेख और न्हावीगांव निवासी राजेंद्र रणसिंह के 20 वर्षीय पुत्र प्रथमेश राजेंद्र रणसिंह के रूप में हुई है।

पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।