मधुपुर में यातायात पुलिस का सख्त अभियान, हेलमेट और कागजात की जांच; नियम तोड़ने वालों के कटे चालान
मधुपुर देवघर: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए देवघर जिला यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की ओर से शुक्रवार को मधुपुर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में यह अभियान सीताराम डालमियां रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सड़क से गुजरने वाले दोपहिया वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन और अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। अचानक शुरू हुए इस अभियान से वाहन चालकों में हलचल मच गई। कई चालक जांच से बचने के लिए इधर-उधर जाते नजर आए। मौके पर देवघर सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद, मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद, मधुपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित पुलिस के जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, जरूरी कागजात साथ रखने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जांच और कार्रवाई का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई
अधिकारियों ने की सुरक्षित वाहन चलाने की अपील















