लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में कोयला तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को बड़ी सफलता मिली है। CCL के मगध-आम्रपाली कोलफील्ड्स क्षेत्र में तैनात CISF की टीम ने बुधवार देर रात कार्रवाई करते हुए करीब 32 से 35 टन कोयले से लदे हाइवा ट्रक को जब्त किया। यह कार्रवाई मगध क्षेत्र के चमातू मोड़ के पास की गई।

चमातू मोड़ के पास CISF की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात कोयले की बड़ी खेप हाइवा ट्रक में लादकर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान CISF की टीम को इसकी सूचना मिली। टीम ने तत्परता दिखाते हुए चमातू मोड़ के पास कार्रवाई की और कोयले से लदे हाइवा को पकड़ लिया। ट्रक में करीब 32 से 35 टन कोयला लदा हुआ था।

हालांकि, कोयला कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

कोयला चोरी रोकने के लिए अभियान तेज

मगध-आम्रपाली कोलफील्ड्स क्षेत्र में कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए CISF लगातार अभियान चला रही है। कोयला चोरी में संगठित गिरोहों की संलिप्तता की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बल ने अपना खुफिया तंत्र भी सक्रिय कर रखा है। सूचना मिलने पर टीम निगरानी, छापेमारी और घेराबंदी के जरिए कार्रवाई करती है।

एक महीने में करीब 800 टन कोयला बरामद

CISF की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले एक महीने में मगध-आम्रपाली क्षेत्र से कई वाहनों को जब्त किया गया है। इस दौरान करीब 800 टन कोयला बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। ताजा कार्रवाई को भी कोयला चोरी और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

कोलफील्ड्स क्षेत्र में लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार में शामिल लोगों पर शिकंजा कसने की कोशिश की जा रही है।