मेरठ:  जेल की सलाखों के पीछे भी करवाचौथ की परंपरा और श्रृंगार की तैयारियां चर्चा में हैं। मेरठ जिला जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी और रविता ने करवाचौथ के लिए लाल चूड़ियां, बिंदी और अन्य श्रृंगार सामग्री मांगी थी। संजीवनी महिला संस्था ने उनकी मांग पर जरूरी सामान उपलब्ध करा दिया है। हालांकि, दोनों व्रत रखेंगी या किसके लिए पूजा करेंगी, इसकी पुष्टि संस्था की ओर से नहीं की गई है।

महिला बंदियों को दिए मिट्टी के करवे और श्रृंगार का सामान

सोमवार को संजीवनी महिला संस्था की निशी जैन अपनी टीम के साथ मेरठ जिला जेल पहुंचीं। टीम महिला बंदियों को करवाचौथ की पूजा के लिए मिट्टी के करवे और श्रृंगार की सामग्री देने गई थी। इस दौरान संस्था की सदस्यों ने महिला बंदियों से उनकी जरूरतों के बारे में भी जानकारी ली।

मुस्कान और रविता ने मांगी लाल चूड़ियां-बिंदी

निशी जैन के मुताबिक, मुस्कान रस्तोगी और रविता ने लाल चूड़ियां, बिंदी सहित श्रृंगार की सामग्री मांगी थी। संस्था ने उनकी मांग के अनुसार सामान उपलब्ध करा दिया। इस घटनाक्रम के बाद दोनों के करवाचौथ व्रत रखने को लेकर चर्चा हो रही है।

व्रत और पूजा को लेकर संस्था ने नहीं की पुष्टि

संस्था ने स्पष्ट किया कि मुस्कान और रविता वास्तव में करवाचौथ का व्रत रखेंगी या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं है। वे किसके लिए पूजा करेंगी, इस संबंध में भी उनसे कोई बातचीत नहीं हुई। फिलहाल, संस्था की ओर से उन्हें करवाचौथ की तैयारियों के लिए मांगी गई सामग्री उपलब्ध कराई गई है।