कटकमसांडी कोल रेलवे साइडिंग की समस्याओं पर भड़के विधायक प्रदीप प्रसाद, NTPC को अल्टीमेटम; समाधान नहीं तो चक्का जाम
हजारीबाग: कटकमसांडी कोल रेलवे साइडिंग से प्रभावित स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने NTPC के पदाधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों की मांगें रखीं। कोल साइडिंग परिसर में आयोजित जनसमस्याओं की चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, प्रदूषण और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं उठाईं। विधायक ने मांगों का समयबद्ध समाधान नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से चक्का जाम करने की चेतावनी दी। चौपाल के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए NTPC के पदाधिकारियों से उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी विकास परियोजना के संचालन में स्थानीय नागरिकों के अधिकारों, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बुनियादी जरूरतों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। ग्रामीणों ने साइडिंग के संचालन से उत्पन्न समस्याओं और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी से विधायक को अवगत कराया। इस दौरान प्रभावित गांवों की समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई गई। बैठक में स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता देने की मांग की गई। इसके अलावा प्रभावित गांवों में बेहतर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, बच्चों की शिक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि कोल साइडिंग से जुड़े कार्यों के बीच प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की मूलभूत जरूरतों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। चौपाल में साइडिंग के संचालन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग भी उठी। लोगों ने नो-एंट्री नियमों को सख्ती से लागू करने, धूल एवं प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने और भारी वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि साइडिंग का संचालन नियमों के अनुरूप होना चाहिए। इससे प्रभावित लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विधायक प्रदीप प्रसाद ने NTPC के पदाधिकारियों से सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध समाधान की दिशा में पहल करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय जनता के अधिकारों से समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय लोगों की जायज मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से चक्का जाम किया जाएगा। विधायक ने कहा कि स्थानीय जनता की आवाज संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पहल करना उनकी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधिगण, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अब ग्रामीणों की मांगों पर NTPC प्रबंधन की ओर से होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।NTPC अधिकारियों के सामने रखीं ग्रामीणों की समस्याएं
रोजगार,
स्वास्थ्य और पेयजल की व्यवस्था की मांग
धूल और प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने की मांग
समाधान नहीं हुआ तो चक्का जाम की चेतावनी
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद














