जामताड़ा: जिले में वीबी-जीरामजी, आवास योजनाओं और जेएसएलपीएस के कार्यों में तेजी लाने को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने और पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

मनरेगा में रोजगार और मानव दिवस सृजन बढ़ाने का निर्देश

वीबी-जीरामजी (मनरेगा) की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी पंचायतों में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और मानव दिवस सृजन बढ़ाने का निर्देश दिया।

उन्होंने लंबित मजदूरी भुगतान को आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए दो दिनों के भीतर सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही पुरानी योजनाओं की देनदारियों का सत्यापन कर 30 अक्टूबर से पहले प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

प्रधानमंत्री और अबुआ आवास योजना में तेजी लाने पर जोर

आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और अबुआ आवास योजना के लंबित आवासों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लाभुकों को किस्त की राशि मिलने के बाद उनसे लगातार संपर्क बनाए रखा जाए, ताकि आवास निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित कर योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

हर 15 दिन में होगी योजनाओं की समीक्षा

उपायुक्त आलोक कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि वीबी-जीरामजी और आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक 15 दिनों में उप विकास आयुक्त द्वारा की जाएगी, ताकि लंबित कार्यों की पहचान कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।