22-23 अक्टूबर को सजेगा सिनेमा का मंच, JNFF में 90 फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग: छात्रों को मिलेगी फ्री एंट्री
जमशेदपुर: झारखंड में क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने और उभरते फिल्मकारों को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झारखंड राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (JNFF) के सातवें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के तहत 22 और 23 अक्टूबर को बिष्टुपुर स्थित टाटा CFE ऑडिटोरियम में फिल्म स्क्रीनिंग और मास्टर क्लास का आयोजन होगा। इसमें विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ फिल्म निर्माण में रुचि रखने वाले युवाओं को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। आदित्यपुर स्थित अस्मा इंडिया कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संगठन के संस्थापक संजय उदय सत्पथी, राजू मित्रा और महोत्सव की निदेशक डॉ. शालिनी प्रसाद ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सिनेमा की बारीकियों से परिचित कराना, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देना और फिल्म इंडस्ट्री में रोजगार की संभावनाओं से जोड़ना है। टाटा CFE ऑडिटोरियम में होने वाली मास्टर क्लास विद्यार्थियों और उभरते फिल्मकारों के लिए खास अवसर होगी। इसमें प्रतिभागियों को फिल्म निर्माण से जुड़ी तकनीकी और रचनात्मक जानकारी हासिल करने का मौका मिलेगा। साथ ही विभिन्न फिल्मों की स्क्रीनिंग के जरिए सिनेमा को करीब से समझने का अवसर भी मिलेगा। इसके बाद 24 और 25 अक्टूबर को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, बिष्टुपुर में फिल्मों की स्क्रीनिंग और मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी। वहीं, 26 अक्टूबर को श्रीनाथ विश्वविद्यालय में फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव के दौरान कुल 90 फिल्मों की स्क्रीनिंग प्रस्तावित है। इनमें नागपुरी, संथाली, छऊ, खोरठा, मुंडारी समेत झारखंड की विभिन्न भाषाओं और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी फिल्मों को प्रमुखता दी जाएगी। आयोजकों का कहना है कि स्थानीय कहानियों, लोककला और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सिनेमा के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाना महोत्सव की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में बॉलीवुड और झॉलीवुड के चर्चित कलाकारों की मौजूदगी के बीच एक्सएलआरआई सभागार में भव्य अवार्ड नाइट आयोजित करने की भी तैयारी है। कार्यक्रम में निःशुल्क प्रवेश और विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी एवं फिल्म प्रेमी आदित्यपुर स्थित अस्मा इंडिया कार्यालय या संबंधित विश्वविद्यालयों के हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।मास्टर क्लास में सीखेंगे फिल्म निर्माण की बारीकियां
90 फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग
एक्सएलआरआई में होगी अवार्ड नाइट















