12 दिन काम से नाराज विस्थापित मजदूर, IOC प्लांट गेट पर JMM का धरना जारी
गम्हरिया। प्रखंड स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) गैस बॉटलिंग प्लांट के गेट पर विस्थापित एवं जमीनदाता मजदूरों को रोजगार देने की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। 21 नवंबर से शुरू हुए इस धरने का नेतृत्व झामुमो प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी कर रहे हैं। संगठन ने कंपनी प्रबंधन पर स्थानीय मजदूरों के रोजगार के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। झामुमो नेताओं का कहना है कि प्लांट में कार्यरत विस्थापित एवं जमीनदाता मजदूरों को महीने में महज 12 दिन ही काम दिया जा रहा है। इससे मजदूरों के सामने परिवार का भरण-पोषण करने की समस्या खड़ी हो गई है। धरनास्थल से भोमरा माझी ने सवाल उठाया कि जब एलपीजी गैस की मांग बनी हुई है और प्लांट में कामकाज जारी है, तो फिर घाटे का हवाला देकर स्थानीय मजदूरों को पूरे महीने रोजगार क्यों नहीं दिया जा रहा है? भोमरा माझी ने बताया कि वर्ष 1988-89 के आसपास कंपनी की स्थापना के दौरान तत्कालीन जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में एमओयू किया गया था। इसमें स्थानीय भूमिहीनों, जमीनदाताओं और विस्थापित-प्रभावित परिवारों को रोजगार में प्राथमिकता देने की बात कही गई थी। उनका आरोप है कि समय के साथ इन प्रावधानों की अनदेखी की जाने लगी है। उन्होंने कहा कि कई मजदूर पिछले 28 से 30 वर्षों से अधिक समय से प्लांट में काम कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें सीमित दिनों का ही रोजगार दिया जा रहा है। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष ने हाल में हुई निविदा प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि काम का ठेका सिक्किम की एक निजी एजेंसी को दिया गया, जबकि क्षेत्र में आदिवासी-मूलवासी और विस्थापित परिवारों से जुड़ी श्रमिक सहयोग समिति मौजूद है। उनका कहना है कि स्थानीय समिति को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी, ताकि विस्थापित परिवारों को नियमित रोजगार मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में स्थानीय सोसाइटी के माध्यम से मजदूर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, लेकिन रोजगार की शर्तों और सुविधाओं को लेकर कई समस्याएं बनी हुई हैं। भोमरा माझी ने संबंधित एजेंसी के माध्यम से काम करने वाले मजदूरों को पीएफ, ईएसआई और बोनस जैसी सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि श्रम कानूनों का पालन नहीं हो रहा है, तो संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई की जाए और स्थानीय विस्थापित-प्रभावित श्रमिक सहयोग समिति को काम सौंपने पर विचार किया जाए। झामुमो ने कंपनी प्रबंधन के समक्ष विस्थापित एवं जमीनदाता मजदूरों को महीने में 30 दिन रोजगार देने, न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने और जमीन अधिग्रहण के समय एमओयू में किए गए वादों को लागू करने की मांग रखी है। इसके अलावा पीएफ, ईएसआई और बोनस जैसी वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रोजगार में स्थानीय समिति को प्राथमिकता देने की मांग भी की गई है। भोमरा माझी ने कहा कि स्थानीय लोगों ने औद्योगिक विकास और रोजगार की उम्मीद में अपनी जमीन दी थी। उन्हें उम्मीद थी कि कंपनी की स्थापना से उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और क्षेत्र का विकास होगा। लेकिन जमीन देने वाले परिवारों को ही पर्याप्त रोजगार नहीं मिलेगा, तो औद्योगिक विकास को लेकर स्थानीय लोगों का भरोसा बनाए रखना मुश्किल होगा। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मजदूरों और संगठन के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। फिलहाल प्लांट के गेट पर झामुमो का धरना जारी है। कंपनी प्रबंधन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।1988-89 के एमओयू का हवाला देकर उठाए सवाल
टेंडर प्रक्रिया में स्थानीय समिति को प्राथमिकता नहीं देने का आरोप
पीएफ, ईएसआई और बोनस नहीं मिलने का भी आरोप
30 दिन रोजगार और न्यूनतम वेतन की मांग














