बागबेड़ा मारपीट मामले में 18 वर्षीय पलक सोनकर ने एसएसपी से मांगा इंसाफ, चरित्रहनन के आरोपों की जांच की मांग
जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड में घर की सफाई के दौरान कथित मारपीट का मामला अब आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। इस मामले में 18 वर्षीय पलक सोनकर ने 31 अक्टूबर 2026 को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। युवती ने मारपीट के साथ-साथ अपने चरित्र को लेकर कथित रूप से फैलाई जा रही बातों पर भी आपत्ति जताई है। पलक सोनकर का आरोप है कि कुछ लोगों की ओर से राहुल मिश्रा के साथ उसके संबंधों को लेकर गलत और आपत्तिजनक बातें फैलाई जा रही हैं। युवती का कहना है कि वह राहुल मिश्रा को भाई मानती है और उन्हें राखी भी बांधती है। ऐसे में उनके साथ गलत संबंधों की बातें फैलाए जाने से वह आहत है। पलक ने सवाल उठाया है कि उसके चरित्र पर आरोप लगाने वालों के पास क्या प्रमाण हैं। उसने खुद को नशे की लत का आदी बताए जाने संबंधी बातों को भी निराधार बताया है। युवती ने पुलिस प्रशासन से इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। एसएसपी को दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:50 बजे की है। दीपावली की तैयारी के तहत पलक के पिता पप्पू सोनकर और परिवार के अन्य सदस्य घर की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि आकाश सोनकर और राजेश सोनकर सहित कुछ लोग वहां पहुंचे और उसके पिता को कॉलर पकड़कर घर से बाहर खींच लिया। शिकायत में पिता और परिवार की अन्य महिलाओं के साथ मारपीट तथा अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। आवेदन के मुताबिक, घटना में परिवार के कुछ सदस्यों को चोटें आईं, जिसके बाद सदर अस्पताल में उनका इलाज कराया गया। पलक का कहना है कि घटना की सूचना बागबेड़ा थाना में लिखित रूप से देने के बावजूद उसे संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने की शिकायत है। पलक सोनकर ने प्रशासन से अपील की है कि उसके और उसके परिवार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की जल्द निष्पक्ष जांच की जाए। उसने चेतावनी दी है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला और उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वह अपने पूरे परिवार के साथ एसपी कार्यालय में रहने को मजबूर होगी। युवती ने पुलिस प्रशासन से मारपीट, अभद्र व्यवहार और कथित चरित्रहनन से जुड़े आरोपों की जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।राहुल मिश्रा को भाई मानने की कही बात
28 अक्टूबर को मारपीट का आरोप
कार्रवाई नहीं होने पर एसपी कार्यालय में परिवार सहित रहने की चेतावनी















