बिरसा मुंडा स्टेडियम में जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने किया उद्घाटन, विजेता टीमों को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार
सरायकेला: सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में सरायकेला टाइगर टीम के तत्वावधान में चंपाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर समाजसेवी दीपक महतो, मंगल कांडाईबुरु, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। समारोह के दौरान तिरंगे के रंगों के गुब्बारे आसमान में छोड़कर प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। टूर्नामेंट को लेकर बिरसा मुंडा स्टेडियम को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। आयोजन समिति ने सामूहिक प्रयास से प्रतियोगिता को भव्य रूप देने की तैयारी की है। आयोजन समिति के अनुसार, चंपाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट में कुल 40 टीमें तीन अलग-अलग वर्गों में हिस्सा ले रही हैं। युवा वर्ग में 16 टीमें शामिल हैं। इस वर्ग की विजेता टीम को 1 लाख 50 हजार रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। दूसरे वर्ग में 20 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस वर्ग की विजेता टीम को 50 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 35 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। वहीं, महिला वर्ग में चार टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन समिति के प्रतिनिधि ने बताया कि स्थानीय विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के नाम पर इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। उनका उद्देश्य चंपाई सोरेन से प्रेरणा लेकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित अवसर और मंच देने की। चंपाई कप के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और जिला से लेकर राज्य स्तर तक पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन समिति ने दर्शकों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। समिति को उम्मीद है कि इस वर्ष का आयोजन सफल रहेगा। साथ ही वर्ष 2027 में चंपाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट को और बड़े स्तर पर आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।तीन वर्गों में 40 टीमें लेंगी हिस्सा
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने की पहल















