दीक्षा महिला मंडल की प्रज्वला समिति ने तेतुलमारी में चलाया जागरूकता कार्यक्रम, व्यक्तिगत सुरक्षा और शिक्षा के महत्व पर किया जागरूक
तेतुलमारी: दीक्षा महिला मंडल के अंतर्गत प्रज्वला समिति, सिजुआ क्षेत्र की ओर से शनिवार को नेहरू बालिका उच्च विद्यालय, तेतुलमारी में सामाजिक एवं शैक्षणिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल एवं उपाध्यक्षाओं के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा और अच्छी-बुरी आदतों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 4 से 8 तक की छात्राओं को समिति की अध्यक्ष श्रीमती संतु झा और अन्य सदस्यों ने सरल भाषा में ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में जानकारी दी। छात्राओं को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया। साथ ही बताया गया कि किसी भी असहज परिस्थिति में सतर्क रहना और बिना संकोच माता-पिता, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय वयस्क को इसकी जानकारी देना जरूरी है। समिति की सदस्यों ने विद्यालय की शिक्षिकाओं से भी आग्रह किया कि वे समय-समय पर बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करती रहें। बच्चियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उनकी शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से प्रज्वला महिला समिति, सिजुआ क्षेत्र की अध्यक्ष श्रीमती संतु झा और समिति की सदस्यों ने 35 छात्राओं के बीच पानी की बोतलें, कॉपियां, पेन और फूड पैकेट वितरित किए। इस दौरान समिति की सदस्याओं ने छात्राओं के साथ समय बिताया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चियों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आगामी दीपावली और छठ पूजा की शुभकामनाएं भी दीं। उपहार और शैक्षणिक सामग्री पाकर छात्राओं में उत्साह देखा गया। विद्यालय की छात्राओं ने इस पहल के लिए प्रज्वला महिला समिति की सराहना की।35 छात्राओं को बांटी गई शैक्षणिक सामग्री















