झरिया: कोयलांचल की ऐतिहासिक नगरी झरिया में पहली बार बनारस के गंगा घाट की तर्ज पर ऐतिहासिक राजा तालाब में भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। 1 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। मेयर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

महाआरती के दौरान राजा तालाब के चारों ओर आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी। साथ ही सैकड़ों दीपों से तालाब परिसर को रोशन किया जाएगा। शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और आरती की गूंज के बीच श्रद्धालुओं को बनारस के गंगा घाट जैसा नजारा देखने को मिलेगा।

आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की जा रही है। आवागमन, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। आयोजकों की प्राथमिकता कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।

झरिया की ऐतिहासिक पहचान रहे राजा तालाब को धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप में सजाने की इस पहल को लेकर भाजपा कार्यकर्ता भी लगातार तैयारियों में जुटे हैं। विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह ने बताया कि अब तक झरिया और धनबाद के लोगों को बनारस की भव्य गंगा आरती देखने के लिए वहां जाना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें अपने ही शहर में ऐसा दिव्य दृश्य देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के साथ झरिया की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देना और युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ना है।

कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे भजन-कीर्तन से होगी। इस दौरान जमशेदपुर के प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक पाठक अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं, शाम 6:30 बजे आचार्य रणधीर जी की टीम बनारस के गंगा घाट की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती करेगी।

इस आयोजन में धनबाद, झरिया और आसपास के कोलियरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों के शामिल होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह है। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन झरिया के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन में एक नई पहचान स्थापित करेगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह, केडी पाण्डेय, अभिषेक पाण्डेय, उमेश यादव, दिलीप भारती, संतोष पासवान, राहुल सिंह, स्वरूप भट्टाचार्य, रघु राम, संजय महतो सहित कई भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

स्पेशल रेपोर्ट्स