पलामू जेटेट परीक्षा तैयारी डीसी एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण
पलामू: आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी और अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने आर.के. रामधारी स्कूल, रजवाडीह और ग्रीन वैली स्कूल, बारालोटा सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में परीक्षा से जुड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, जैमर की उपलब्धता, कंट्रोल रूम की व्यवस्था और वीडियोग्राफी की तैयारियों की जानकारी ली। इसके अलावा प्रश्नपत्र एवं परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव, प्रवेश और निकास मार्ग, सुरक्षा घेरा, बैरिकेडिंग तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सभी परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को परीक्षा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने देने को कहा। उन्होंने परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने पर भी जोर दिया, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, संबंधित दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक और अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन का लक्ष्य 1 नवंबर को होने वाली JTET परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा से लेकर तकनीकी व्यवस्थाओं तक सभी पहलुओं की निगरानी की जा रही है।CCTV, जैमर और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
परीक्षा केंद्रों पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश
कई अधिकारी रहे मौजूद















