झरिया सांसद प्रतिनिधि कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह पर निशाना
झरिया (धनबाद): सांसद ढुल्लू महतो की माता के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर झरिया में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस मामले में झरिया क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि और भाजपा नेताओं ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस के धनबाद जिला अध्यक्ष संतोष सिंह पर निशाना साधा। नेताओं ने राजनीतिक विरोध के दौरान भाषा की मर्यादा और शालीनता बनाए रखने की नसीहत दी। प्रेस वार्ता में सांसद प्रतिनिधि ने संतोष सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उनका पुराना इतिहास विवादों और बयानबाजी से जुड़ा रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि कोयरीबांध और झरिया क्षेत्र में फुटपाथ पर सब्जी, फल और अन्य छोटे कारोबार करने वाले दुकानदारों को कथित तौर पर डराकर अवैध वसूली की जाती रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बलियापुर के ग्रामीण क्षेत्रों से सब्जी लेकर झरिया बाजार आने वाली महिला दुकानदारों को भी कथित रूप से भयभीत किया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पूर्व पार्षद अनूप साव ने संतोष सिंह की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कई प्रत्याशियों के चुनाव के दौरान भी उनकी भूमिका विवादास्पद रही है। अनूप साव ने पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश सिंह, स्वर्गीय नीरज सिंह, पूर्णिमा नीरज सिंह और सांसद प्रत्याशी चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे के साथ कथित विश्वासघात का आरोप भी लगाया। प्रेस वार्ता में मौजूद नेताओं ने कहा कि सांसद ढुल्लू महतो को वाई श्रेणी की सुरक्षा मिलने के बाद कुछ लोगों में बेचैनी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को विरोध करने और अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर किसी की माता या परिवार के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। नेताओं ने कहा कि राजनीतिक असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन इसमें व्यक्तिगत और पारिवारिक टिप्पणियों से बचना चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से सार्वजनिक बयानबाजी में भाषा की मर्यादा और शालीनता बनाए रखने की अपील की। प्रेस वार्ता में सांसद प्रतिनिधि दिलीप आडवाणी, श्रीराम गोराई, पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राजेश साव, यूनाइटेड कोल्ड वर्कर यूनियन असंगठित मोर्चा क्षेत्र संख्या-9 के क्षेत्रीय सचिव संजय महतो, क्षेत्र संख्या-10 के सूरज भूइयां, मद्धेशिया समाज के संरक्षक झुन्नू गुप्ता, राकेश महतो और बिहारी बर्मन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।पूर्व पार्षद ने राजनीतिक भूमिका पर उठाए सवाल
व्यक्तिगत टिप्पणी को बताया अनुचित
प्रेस वार्ता में ये नेता रहे मौजूद















