जामताड़ा पुलिस में बड़ा फेरबदल! 16 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला, साइबर थाना को मिले 7 अधिकारी
जामताड़ा: जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने और बढ़ते साइबर अपराध पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत कुल 16 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण एवं नव पदस्थापन किया गया है। इनमें से 9 पुलिस पदाधिकारियों को जिले के अलग-अलग थानों में भेजा गया है, जबकि साइबर अपराध से जुड़े मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने के लिए 6 पुलिस अवर निरीक्षक (SI) और 1 पुलिस निरीक्षक को साइबर अपराध थाना, जामताड़ा में पदस्थापित किया गया है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान देने का निर्देश दिया गया है। योगदान के बाद अधिकारियों को अनुपालन प्रतिवेदन भी संबंधित कार्यालय में जमा करना होगा। जारी आदेश के अनुसार पुलिस अवर निरीक्षक जाहिद अंसारी को पुलिस केंद्र से जामताड़ा थाना भेजा गया है। वहीं अमृत कुमार राम को साइबर अपराध थाना से नारायणपुर थाना, वैभव सिंह को साइबर अपराध थाना से करमाटांड़ थाना और प्रकाश सेठ को साइबर अपराध थाना से मिहिजाम थाना पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार तिवारी को पुलिस केंद्र से फतेहपुर थाना भेजा गया है। सहायक अवर निरीक्षक सुखनाथ भगत को पुलिस केंद्र से मिहिजाम थाना और सिद्धो सोरेन को पुलिस केंद्र से महिला थाना जामताड़ा भेजा गया है। वहीं मुन्ना कुमार सिंह को एसआईपीयू कार्यालय, सदर कोर्ट से नारायणपुर थाना और छोटेलाल कुमार को पुलिस केंद्र से मिहिजाम थाना में पदस्थापित किया गया है। जामताड़ा में साइबर अपराध से जुड़े मामलों की बढ़ती चुनौती को देखते हुए साइबर अपराध थाना में अधिकारियों की संख्या बढ़ाई गई है। आदेश के तहत अमित कुमार को जामताड़ा थाना, कृष्णा कुमार को यातायात थाना, पुष्पेश्वर दास को साइबर अपराध थाना, गुलशन कुमार सिंह को मिहिजाम थाना, अनिल अभिषेक को बागडेहरी थाना और विकास कुमार तिवारी को करमाटांड़ थाना से साइबर अपराध थाना भेजा गया है। इसके अलावा पुलिस निरीक्षक सुशील टुडू को पुलिस केंद्र से साइबर अपराध थाना में पदस्थापित किया गया है। साइबर अपराध थाना में अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती को जिले में बढ़ते साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। नए अधिकारियों की तैनाती से आईटी एक्ट और साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी आने की उम्मीद है। साथ ही मामलों की जांच, आरोपियों तक पहुंचने और साइबर अपराध से जुड़े मामलों के निष्पादन में भी पुलिस को मजबूती मिलने की संभावना है। जामताड़ा लंबे समय से साइबर अपराध के मामलों को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में पुलिस विभाग का यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल साइबर अपराध पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।विभिन्न थानों में 9 पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती
साइबर थाना में बढ़ी अधिकारियों की ताकत
लंबित साइबर मामलों के अनुसंधान में आएगी तेजी















