फेसबुक टिप्पणी पर हंगामा: पुलिस वाहन में तोड़फोड़ मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
जामताड़ा: करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थंडारडीह गांव में फेसबुक पर की गई
कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में हुए हंगामे,
तोड़फोड़ और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त
करने के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज
दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार
छापेमारी की जा रही है।जानकारी के मुताबिक,
22 अगस्त 2026
को थंडारडीह गांव निवासी भूदेव कुमार
यादव द्वारा फेसबुक पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में बड़ी
संख्या में लोग उग्र हो गए थे। आरोप है कि उग्र भीड़ ने भूदेव कुमार यादव के घर
में तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस की गाड़ी को भी
क्षतिग्रस्त कर दिया गया तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप है।घटना के
बाद करमाटांड़ थाना में 23 अगस्त 2026 को कांड संख्या
62/26 दर्ज किया गया। पुलिस
ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण
अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।मामले की जांच के दौरान पुलिस
अधीक्षक, जामताड़ा को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी जाहिद अंसारी
को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, करीब 23 वर्षीय जाहिद अंसारी
करमाटांड़ थाना क्षेत्र के हेठ भठरा गांव का निवासी है।पुलिस ने बताया कि आरोपी को
उसके ससुराल, डुमरिया गांव से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया
पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस अब मामले में शामिल
अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी
कर रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने, सरकारी कार्य में
बाधा डालने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार
सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गई
हैं। जांच के दौरान सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी से लेकर उसके विरोध में हुई
भीड़ की कार्रवाई तक सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।














