जामताड़ा में झारखंड स्थापना दिवस समारोह, सांसद नलिन सोरेन ने दिया विकास का संदेश
जामताड़ा: झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर सोमवार को नगर भवन, दुलाडीह में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुमका सांसद नलिन सोरेन ने राज्य के विकास और प्राकृतिक संसाधनों के सदुपयोग का संदेश दिया। समारोह का शुभारंभ सांसद नलिन सोरेन, उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान झारखंड आंदोलन और स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। समारोह को संबोधित करते हुए सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि झारखंड का गठन लंबे संघर्ष और आंदोलन का परिणाम है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने अलग राज्य के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड के संसाधनों का सदुपयोग जनहित में होना चाहिए। राज्य के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है। उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि झारखंड का इतिहास संघर्ष, त्याग और बलिदान की गौरवशाली गाथा है। स्थापना दिवस राज्य की उपलब्धियों और भविष्य की आकांक्षाओं को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। वहीं, पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने कहा कि राज्य के विकास के लिए शांति, सुरक्षा और जनविश्वास जरूरी है। उन्होंने लोगों से साइबर अपराध, नशाखोरी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से झारखंड की आदिवासी संस्कृति और गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। चार स्वयं सहायता समूहों को ट्रैक्टर, छह लाभुकों को रोटावेटर, पांच लाभुकों को बैटरी स्प्रे मशीन और एक लाभुक को रीपर मशीन प्रदान की गई। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, 18 पीडीएस डीलरों, दो प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले दो गुड सेमेरिटन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर डीडीसी असीम किस्पोट्टा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा का हो जनहित में उपयोग: नलिन सोरेन
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ: उपायुक्त
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी झारखंड की विरासत
लाभुकों के बीच बांटी गई परिसंपत्तियां, प्रतिभाएं हुईं सम्मानित














