चंदनकियारी: झारखंड स्थापना दिवस समारोह पखवाड़ा के तहत सोमवार को प्रखंड सभागार चंदनकियारी में रबी कार्यशाला सह खेती बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक उमाकांत रजक ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ जरूरतमंद किसानों तक पहुंचाया जाए।

गांव-गांव जाकर किसानों को करें जागरूक

कार्यशाला में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे गांव और पंचायतों तक पहुंचकर किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें इसका लाभ दिलाएं।

उन्होंने कहा कि जो किसान वास्तव में खेती करते हैं, उन्हें समय पर बीज उपलब्ध कराया जाना चाहिए। विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि घर में बैठकर किसानों की सूची तैयार करने वाला सिस्टम नहीं चलेगा। कृषि विभाग के कर्मियों को गांवों में जाकर वास्तविक किसानों की पहचान करनी होगी।

कृषि विभाग के कर्मियों को लगाई फटकार

विधायक ने कृषि विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को दिए जा रहे बीज के वितरण और विभागीय कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बीटीएम समेत विभागीय कर्मियों को कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका लाभ धरातल पर दिखाई देना चाहिए। योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब जरूरतमंद किसानों तक इसका लाभ पहुंचेगा।

समय पर खाद और बीज वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश

विधायक ने कृषि विभाग को किसानों के बीच समय पर खाद और बीज का वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बुआई के समय किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने किसानों को कृषि व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को समझना और समय पर सहायता उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

प्रति किसान 8 किलो बीज का किया गया वितरण

कार्यशाला के दौरान किसानों को कृषि योजनाओं और रबी फसल से जुड़ी जानकारी दी गई। इस मौके पर प्रति किसान आठ किलोग्राम की दर से बीज वितरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल, प्रमुख निवारण सिंह चौधरी, बीडीओ अजय कुमार वर्मा, युधिष्ठिर महतो, बीटीएम हर्षवती लागूरी, एटीएम मिनहाज अंसारी समेत अन्य गणमान्य लोग और किसान उपस्थित रहे।