जामताड़ा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने उत्पाद विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उनकी अध्यक्षता में उत्पाद विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संग्रहण, अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई, छापेमारी अभियान और विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में उत्पाद अधीक्षक कुंदन कौशल ने बताया कि अक्टूबर 2026 में अवैध शराब से संबंधित 31 अभियोग दर्ज किए गए हैं। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 168 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह तक निर्धारित मासिक राजस्व लक्ष्य के मुकाबले 99.16 प्रतिशत राजस्व संग्रहण किया गया है।

होटल और ढाबों में होगी औचक छापेमारी

समीक्षा के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार ने अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए होटल, ढाबों और संदिग्ध स्थानों पर नियमित रूप से औचक छापेमारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री वाले हॉटस्पॉट और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी रहेगी नजर

उपायुक्त ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। आने वाले दो से तीन महीनों में कोहरा और धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता कम रहने की संभावना है। ऐसे में सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष जांच अभियान चलाया जाए और नशे में वाहन चलाने वालों पर निगरानी रखी जाए।

उन्होंने जिले की सभी अनुज्ञप्तिधारी शराब दुकानों को निर्धारित ब्रांड का स्टॉक रखने तथा शराब की बिक्री निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत पर नहीं करने की हिदायत दी।

बैठक में उत्पाद अधीक्षक कुंदन कौशल सहित उत्पाद विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।