जामताड़ा में डिजिटल सेवाओं का होगा विस्तार, छूटी पंचायतों को अभियान से जोड़ने की तैयारी
जामताड़ा। जिले में डिजिटल सेवाओं को बेहतर और आम लोगों तक सुलभ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार, 26 नवंबर को समाहरणालय सभागार में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (DeGS) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने की। इस दौरान डिजिटल पंचायत अभियान, प्रज्ञा केंद्र, भारतनेट कनेक्टिविटी, झारसेवा पोर्टल और साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि डिजिटल पंचायत अभियान से अब तक छूटी सभी पंचायतों को जोड़ा जाए। साथ ही भारतनेट कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए निर्बाध इंटरनेट सेवा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निष्क्रिय प्रज्ञा केंद्रों को दोबारा चालू करने के लिए आवश्यक पहल करने को भी कहा। नेटवर्क व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी नेटवर्क शैडो एरिया का सर्वे कर उन्हें चिह्नित करने और वहां कनेक्टिविटी में सुधार लाने का निर्देश दिया। बीएसएनएल के अधिकारियों ने बताया कि समाहरणालय परिसर में नेटवर्क की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए नए संचार टावर लगाने का प्रस्ताव है। इस पर उपायुक्त ने तकनीकी टीम को उपयुक्त स्थल का चयन कर जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अन्य टेलीकॉम कंपनियों को भी नेटवर्क सेवाओं में सुधार करने को कहा गया। वहीं, झारसेवा पोर्टल पर लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारियों को दिया गया। उपायुक्त ने जिले के उच्च विद्यालयों में साइबर सिक्योरिटी क्लब को सक्रिय करने और विद्यार्थियों के बीच साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। इसके अलावा विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम को आमजनों के अनुकूल बनाने तथा घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा को और बेहतर करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।














