तीन दिनों की भारी बारिश से ईचागढ़ में दर्जनों घर क्षतिग्रस्त, खेतों में तैयार धान भी हुआ जमीनदोज
ईचागढ़: ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार झमाझम बारिश और तेज हवा ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के कारण प्रखंड के विभिन्न गांवों में दर्जनों घर क्षतिग्रस्त हो गए। कहीं घरों की दीवारें ढह गईं तो कहीं छप्पर गिरकर जमीनदोज हो गया। वहीं तेज हवा के कारण कई जगह बिजली के तार टूटने और पेड़ गिरने की भी सूचना है। भारी बारिश के कारण सालुकडीह गांव में शरूबाला महतो के घर की दीवार और छप्पर धंसकर जमीनदोज हो गया। इसके अलावा टीकर, पातकुम, डुमरा, पिलीद समेत कई गांवों में भी लोगों के घरों की दीवारें भारी बारिश के कारण ढह गईं। लगातार बारिश और तेज हवा के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह घरों को नुकसान पहुंचने से लोगों के सामने रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है। भारी बारिश और तेज हवा का असर किसानों की फसलों पर भी पड़ा है। खेतों में तैयार धान की फसल तेज हवा के कारण जमीन पर गिर गई है। फसल तैयार होने के समय बारिश और हवा से धान के गिरने के कारण किसान काफी चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि यदि बारिश और तेज हवा का दौर जारी रहा तो तैयार धान की फसल को और नुकसान हो सकता है। इससे किसानों की मेहनत और उत्पादन दोनों प्रभावित होने की आशंका है। क्षेत्र में चक्रवाती तूफान के प्रभाव के कारण लगातार बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। इसका असर ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में भी स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। बारिश के कारण जहां घरों को नुकसान पहुंचा है, वहीं बिजली के तार टूटने और पेड़ गिरने से भी लोगों की परेशानी बढ़ गई है। फिलहाल ग्रामीण बारिश थमने और प्रशासन की ओर से राहत एवं नुकसान के आकलन का इंतजार कर रहे हैं।बारिश से घरों को भारी नुकसान
खेतों में तैयार धान पर भी बारिश का कहर
चक्रवाती तूफान का भी असर














