हजारीबाग: शहर की जर्जर सड़कों को लेकर नगर निगम के महापौर अरविंद कुमार राणा की पहल का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। 21 अगस्त को पथ निर्माण विभाग के सचिव को ज्ञापन सौंपे जाने के महज दसवें दिन विभाग ने शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। वहीं, सड़कों की स्थायी मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, अगले चार दिनों में निविदा विज्ञापन अखबारों में प्रकाशित होने की संभावना है। विज्ञापन प्रकाशित होने के बाद निर्धारित 21 दिनों की अवधि पूरी होने पर तकनीकी बिड खोली जाएगी।
महापौर ने सचिव को सौंपा था ज्ञापन
महापौर अरविंद कुमार राणा ने 21 अगस्त को पथ निर्माण विभाग के सचिव को ज्ञापन सौंपकर नगर निगम क्षेत्र से होकर गुजरने वाली विभागीय सड़कों की बदहाल स्थिति की ओर ध्यान आकृष्ट कराया था। उन्होंने जर्जर सड़कों का विभागीय स्तर पर सर्वे कराने, प्राक्कलन तैयार करने और आवश्यकता के अनुसार मरम्मत, पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराने की मांग की थी।
महापौर ने कहा था कि हजारीबाग उत्तर छोटानागपुर प्रमंडल का मुख्यालय है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। शहर की कई प्रमुख सड़कों पर लंबे समय से समुचित मरम्मत नहीं होने के कारण जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। बरसात के बाद सड़कों की स्थिति और खराब हो गई है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
सचिव के निर्देश के बाद तेज हुई कार्रवाई
महापौर अरविंद कुमार राणा ने बताया कि 20 अगस्त को उन्होंने हजारीबाग की बदहाल सड़कों को लेकर पथ निर्माण विभाग के सचिव से बातचीत की थी। इसके बाद सचिव ने तत्काल अपने ओएसडी को बुलाकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
अगले दिन महापौर ने सचिव के निर्देश के अनुसार लिखित ज्ञापन सौंपा। इसके महज दसवें दिन सड़कों की मरम्मत का काम शुरू होना इस पहल का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।
महापौर ने कहा कि तत्काल मरम्मत कार्य शुरू होने से शहरवासियों को राहत मिलेगी। वहीं, निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थायी निर्माण और पुनर्निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इससे आने वाले दिनों में शहर की सड़कों की स्थिति में व्यापक सुधार होने की संभावना है।















