हजारीबाग: जिले में अवैध रूप से संचालित स्टोन क्रशरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर सहायक समाहर्ता श्रीमती पूर्वा अग्रवाल के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने सदर और पदमा प्रखंड क्षेत्र में जांच अभियान चलाया।अभियान के दौरान कुल 9 अवैध स्टोन क्रशरों को सील किया गया। साथ ही संबंधित संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा पदमा क्षेत्र से गिट्टी लदा एक ट्रक भी जब्त किया गया है।

सदर और पदमा में हुई कार्रवाई

जांच के दौरान सदर प्रखंड के मेरू में संचालित 6 अवैध स्टोन क्रशरों को सील किया गया। वहीं सिलवार में 1 अवैध स्टोन क्रशर के खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।इसी तरह पदमा प्रखंड के सरैया क्षेत्र में संचालित 2 अवैध स्टोन क्रशरों को भी सील कर दिया गया। इस तरह दोनों प्रखंडों में कुल 9 स्टोन क्रशरों पर कार्रवाई हुई।

CTO की वैधता भी मिली समाप्त

प्रशासनिक जांच के दौरान मेरू क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रशरों से संबंधित CTO (Consent to Operate) की वैधता समाप्त पाई गई। प्रशासन की ओर से इस मामले में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।वहीं, पदमा क्षेत्र में जांच के दौरान गिट्टी लदे एक ट्रक को जब्त किया गया। जिला प्रशासन ने अवैध खनन, अवैध स्टोन क्रशर संचालन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।उपायुक्त हेमन्त सती ने संबंधित पदाधिकारियों को जिले में अवैध स्टोन क्रशरों, अवैध खनन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।