गुमला: जिले में नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण, अवैध खनन पर रोक और कारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त दिलेश्वर महतो और पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन (एनसीओआरडी), परिवहन, खनन और कारा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नशे के कारोबार पर नियमित छापेमारी के निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी प्रखंडों में अफीम और ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर कड़ी निगरानी रखने तथा नियमित सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाने, शहरी इलाकों के संदिग्ध स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और विद्यालयों के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री एवं आपूर्ति रोकने के लिए कार्रवाई करने को कहा। त्योहारों के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

उत्पाद विभाग को संदिग्ध स्थानों और लाइन होटलों में अवैध शराब की बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया। वहीं, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच करने पर जोर दिया गया।

अवैध खनन और बालू परिवहन पर कार्रवाई

खनन विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध खनन एवं परिवहन में शामिल वाहनों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि पिछली बैठक के बाद तीन वाहन पकड़े गए हैं।

उपायुक्त ने अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया। अवैध बालू लदे वाहनों को पकड़ने और उनके चालान की गहन जांच करने को भी कहा गया।

इसके अलावा, बॉक्साइट लदे वाहनों में रिफ्लेक्टर की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

परिवहन एवं यातायात सुरक्षा की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से नियमित जांच करने का निर्देश दिया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माना लगाने को कहा गया।

थाना प्रभारियों को अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ नियमित छापेमारी करने का निर्देश भी दिया गया। वहीं, बसिया अनुमंडल क्षेत्र में सड़क पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों और अतिक्रमण को हटाने तथा सिलमुल पुल को शीघ्र चालू कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

कारा सुरक्षा और अस्पताल वार्ड में सुधार के निर्देश

बैठक में कारा सुरक्षा और आधारभूत संरचना से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। नवनिर्मित विस्तारित खंड में इलेक्ट्रिक फेंसिंग लगाने तथा 16 बेड वाले नवनिर्मित अस्पताल वार्ड की सुविधाओं में सुधार पर चर्चा हुई।

उपायुक्त ने वार्ड तक पहुंचने वाले रास्ते और नाली के क्षतिग्रस्त स्लैब, कुछ स्थानों पर टूटे दरवाजे एवं खिड़कियों तथा छत से जल निकासी के लिए लगाए गए क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत सहित आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने और निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

बैठक में अपर समाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक, गुमला, बसिया और चैनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, मंडल कारा अधीक्षक, उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त एवं अधीक्षक, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के थाना प्रभारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।