ग्रामीणों के हाथों से निकलने लगी सड़क की परत, बाबूलाल मरांडी ने उठाए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल
गोड्डा/रांची: झारखंड में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गोड्डा जिले के पुनसिया गांव में बनी सड़क का वीडियो साझा करते हुए नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में एक व्यक्ति सड़क की ऊपरी परत को हाथों से खुरचकर उखाड़ता दिखाई दे रहा है। मरांडी का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई और घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर सरकारी काम पूरा दिखा दिया गया। बाबूलाल मरांडी की ओर से साझा किए गए वीडियो में एक व्यक्ति सड़क की सतह को हाथों से खुरचता और उखाड़ता नजर आ रहा है। उसके हाथ में सड़क की परत निकलती दिखाई देती है। आसपास मौजूद ग्रामीण भी इस स्थिति को देखते नजर आ रहे हैं। मरांडी के मुताबिक, सड़क की परत हटाने पर नीचे धूल और मिट्टी निकल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि धूल-मिट्टी के ऊपर अलकतरा और गिट्टी डालकर सड़क निर्माण का काम पूरा दिखा दिया गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद सड़क की निर्माण गुणवत्ता और संबंधित विभाग की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मामले को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार ने व्यवस्था को खोखला कर दिया है। उनके अनुसार, पुनसिया में सड़क निर्माण की स्थिति सरकार के विकास संबंधी दावों पर सवाल खड़े करती है। मरांडी ने इसे सरकार के 'झारखंड मॉडल' पर भी सवालिया निशान बताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है। बाबूलाल मरांडी ने वीडियो साझा करते हुए भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को भी टैग किया है। हाथों से उखड़ रही सड़क, निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल
बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर साधा निशाना















