गिरिडीह: जिले के आमबागान स्थित पटेलनगर एल्युमिनियम फैक्ट्री में रविवार को निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरवाडीह निवासी सहाबुद्दीन अंसारी (23) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में नए प्लांट को शुरू करने की तैयारी के तहत निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान सहाबुद्दीन अंसारी हादसे का शिकार हो गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद उसे इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि सहाबुद्दीन रोज़गार के लिए फैक्ट्री में काम करने गया था। कुछ ही देर बाद उन्हें हादसे की सूचना मिली, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं फैक्ट्री संचालक रवि चूड़ीवाले ने बताया कि निर्माण कार्य ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा था। उनके अनुसार, काम के दौरान युवक का पैर फिसल गया, जिससे यह हादसा हुआ और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।