गिद्दी में लेवी वसूलने पहुंचे राहुल दुबे गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, 40 हजार रुपये और बाइक जब्त
हजारीबाग: हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में पुलिस ने लेवी और रंगदारी वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के दो कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से लेवी के 40 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह से जुड़े कुछ सदस्य कोयला कारोबारियों से लेवी और रंगदारी वसूलने के लिए काले रंग की बाइक से गिद्दी की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को आगे सूचना मिली कि आरोपी रंगदारी और लेवी की रकम वसूलने के बाद बुण्डू बसरिया होते हुए रामगढ़ की ओर भाग रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया। टोंगी-गिद्दी मुख्य मार्ग के पास पुलिस जवानों ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, रुकने के बजाय दोनों आरोपियों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। इसके बाद जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्नु कुमार साव और अविनाश कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से लेवी के 40 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब दोनों के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि गिरोह के दूसरे सदस्यों और कथित वसूली नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। कार्रवाई के लिए गठित पुलिस टीम में गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन, एसआई दामुराम बोयपाई, एएसआई चंदन उरांव, सुनील कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कोयला कारोबारियों से लेवी और रंगदारी वसूलने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी
40 हजार रुपये और दो मोबाइल बरामद
कागजी प्रक्रिया के बाद भेजे गए जेल
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल















