रांची: कोयला घोटाले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ED) को माधव सिंह उर्फ प्रदीप सिंह, पप्पु मंडल, गणेश यादव और रोहित यादव की तलाश है। इन चारों पर कोयले के वैध और अवैध कारोबार में शामिल होने के आरोप हैं। जांच के सिलसिले में ईडी ने चारों को पूछताछ के लिए तीन-तीन बार समन भेजा, लेकिन वे निर्धारित समय पर एजेंसी के कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए।

कोयला कारोबारियों से जुड़े ठिकानों पर हुई थी छापेमारी

कोयला घोटाले की जांच के दूसरे चरण में ईडी ने कोयला व्यापारी एलबी सिंह समेत अन्य बड़े कारोबारियों से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान माधव सिंह, पप्पु मंडल, गणेश यादव और रोहित यादव के घरों की भी तलाशी ली गई थी।

छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर ईडी मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। एजेंसी ने कोयला व्यापारी एलबी सिंह और उनके पारिवारिक सदस्यों से पूछताछ के बाद इन चारों को भी अपना पक्ष रखने और पूछताछ में शामिल होने के लिए समन भेजा था।

तीन बार समन के बावजूद पूछताछ में नहीं हुए शामिल

सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने चारों को तीन-तीन बार समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया। इसके बावजूद न तो वे एजेंसी के कार्यालय में उपस्थित हुए और न ही समय बढ़ाने के लिए कोई आवेदन दिया। लगातार समन की अनदेखी के बाद अब ईडी उनकी तलाश में जुटी है।

कुछ ठिकानों पर ताला, एजेंसी जुटा रही जानकारी

बताया जा रहा है कि चारों में से कुछ लोगों के घरों पर ताला लगा हुआ है और वे अपने परिवार के साथ कहीं चले गए हैं। हालांकि, उनके वर्तमान ठिकाने को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

ईडी अपने स्तर पर उनकी मौजूदगी और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही, एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि समन मिलने के बावजूद वे पूछताछ में शामिल क्यों नहीं हुए और उन्हें किसी का संरक्षण प्राप्त है या नहीं।