दुमका: झारखंड की उपराजधानी दुमका में गुरुवार को भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन किया। यज्ञ मैदान से शुरू हुई इस पदयात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के बाद वीर कुंवर सिंह चौक पर आयोजित जनसभा में भाजपा नेताओं ने हेमंत सोरेन सरकार और कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए।

भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। नेताओं ने राज्य सरकार को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और आदिवासी हितों के मुद्दे पर घेरते हुए आंदोलन तेज करने का ऐलान किया।

यज्ञ मैदान से निकली पदयात्रा, वीर कुंवर सिंह चौक पर सभा

पदयात्रा की शुरुआत यज्ञ मैदान से हुई। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का काफिला शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचा। यहां पदयात्रा जनसभा में बदल गई।

इसमें बाबूलाल मरांडी, चम्पाई सोरेन, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद और पूर्व विधायक सीता सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और हेमंत सरकार को घेरा

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस के लोकतंत्र संबंधी दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का लोकतंत्र के प्रति प्रेम केवल दिखावा है। मरांडी ने कहा कि जिस पार्टी ने वर्षों तक लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया, वह आज लोकतंत्र की सबसे बड़ी पैरोकार बनने का दावा कर रही है।

उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार और राज्य की खनिज संपदा की लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग हो रहा है। उनके मुताबिक, अब राज्य की जनता सरकार से उसके कामकाज का हिसाब मांग रही है।

चम्पाई सोरेन बोले- जनता का भरोसा टूट चुका है

पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि जनता ने जिस उम्मीद के साथ मौजूदा सरकार को सत्ता सौंपी थी, वह भरोसा टूट चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के दावों के बावजूद राज्य में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।

चम्पाई सोरेन ने आदिवासियों और मूलवासियों के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि झारखंड की अस्मिता के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सीता सोरेन ने उठाया महिला सुरक्षा और घुसपैठ का मुद्दा

भाजपा नेत्री एवं पूर्व विधायक सीता सोरेन ने महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने संताल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियां, आदिवासी समाज और आम जनता अब खोखले वादों से संतुष्ट नहीं होने वाली। भाजपा जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

संताल परगना की पहचान पर सुनील सोरेन ने जताई चिंता

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने संताल परगना की आदिवासी अस्मिता और सांस्कृतिक विरासत का मुद्दा उठाया। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठ, आदिवासी आबादी में कथित कमी, जमीन पर अवैध कब्जे और जनसांख्यिकीय बदलाव को लेकर राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल किए।

उन्होंने कहा कि संताल परगना आदिवासियों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान की भूमि है। भाजपा इसकी जमीन, संस्कृति और अस्तित्व की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष करेगी।

भाजपा ने आंदोलन तेज करने का किया ऐलान

जनसभा में भाजपा नेताओं ने झारखंड को भ्रष्टाचार, घुसपैठ, कुशासन और अराजकता से मुक्त कराने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा और लोकतंत्र के साथ राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने पदयात्रा में शामिल वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सीताराम पाठक, रविकांत मिश्रा, पिंटू अग्रवाल, पारितोष सोरेन, सुरेश मुर्मू, निवर्तमान जिलाध्यक्ष गौरवकांत, पूर्व जिलाध्यक्ष निवास मंडल, मनोज साह, बिपिन अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष गणपति पाल, सहदेव मरांडी, मनीष कुमार, संतोष साह और नंद किशोर मंडल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।