धनबाद: बेहतर मजदूरी और रोजगार की तलाश में दूसरे राज्य गए धनबाद के एक गरीब मजदूर के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गौरांगडीह गांव निवासी 46 वर्षीय दिनेश तूरी बिहार के भभुआ स्टेशन से अचानक लापता हो गए। उन्हें गांव के ही दो लोग काम दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ बिहार ले गए थे। मजदूर के लापता होने के बाद से परिजन पिछले 16 दिनों से उनकी तलाश में परेशान हैं।

मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के आसनबनी-2 पंचायत अंतर्गत गौरांगडीह गांव का है। दिनेश तूरी दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिजनों के मुताबिक, बीते 27 अक्टूबर को गांव के ही सिकंदर अंसारी और पिंटू मंडल उन्हें अच्छी मजदूरी, खाने और रहने की सुविधा दिलाने का भरोसा देकर काम के सिलसिले में बिहार ले गए थे। बताया जा रहा है कि दिनेश बाहर जाने के इच्छुक नहीं थे, लेकिन दोनों ने उन्हें समझा-बुझाकर अपने साथ ले लिया।

इसके बाद बिहार के भभुआ स्टेशन से उनके अचानक लापता होने की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि दिनेश को अपने साथ ले जाने वाले दोनों व्यक्ति अब उनके ठिकाने की स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं। यहां तक कि परिवार को उस स्थान पर भी नहीं ले जा रहे हैं, जहां उन्हें काम दिलाने की बात कही गई थी।

दिनेश के लापता होने से उनकी पत्नी चिंता देवी और मां सरिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार किसी अनहोनी की आशंका से परेशान है। परिजनों ने गोविंदपुर थाने में लिखित शिकायत देकर दिनेश की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।

वहीं, पुलिस मामले को बिहार क्षेत्र से जुड़ा बताते हुए परिजनों को संबंधित स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दे रही है। गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत के अनुसार, 5 नवंबर को आवेदन मिलने के बाद पंचायत के मुखिया को भी मामले की जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि बिहार क्षेत्र का मामला होने के कारण वहां के संबंधित थाने में आवेदन देने से कार्रवाई में तेजी आ सकती है।

फिलहाल सवाल यह है कि रोजगार की तलाश में घर से निकला दिनेश तूरी आखिर कहां लापता हो गया? उन्हें काम दिलाने के बहाने साथ ले जाने वाले दोनों लोग परिवार को पूरी जानकारी क्यों नहीं दे रहे हैं? दूसरे राज्य में मजदूर के लापता होने के बाद उसके परिवार की मदद और तलाश की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? परिवार की मांग है कि दिनेश तूरी को जल्द से जल्द सकुशल खोजकर घर वापस लाया जाए।