धनबाद में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, CRPF की प्लाटून ने मारी बाजी
धनबाद: जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह गोल्फ ग्राउंड स्थित रणधीर वर्मा स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां उपायुक्त आदित्य रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रगान से पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया। समारोह में जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जवान और विभिन्न सुरक्षा बलों के जवान मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद उपायुक्त ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों की सलामी ली। अपने संबोधन में उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने धनबाद के विकास और प्रशासन की प्राथमिकताओं को भी सामने रखा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों की प्लाटून ने शानदार परेड प्रस्तुत की। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर CRPF की प्लाटून ने प्रथम स्थान, NCC की प्लाटून ने दूसरा स्थान और जिला पुलिस की प्लाटून ने तीसरा स्थान हासिल किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्लाटून को समारोह में सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य और प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और देश के लिए अपना बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के संकल्प को दोहराया।परेड में CRPF की प्लाटून प्रथम















