देवघर में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री हफीजुल हसन ने ली परेड की सलामी
देवघर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देवघर के के.एन. स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य के जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराते ही पूरा स्टेडियम देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से गूंज उठा। मंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के बाद मंत्री हफीजुल हसन ने परेड की सलामी ली और विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण किया। जवानों और प्रतिभागियों ने अनुशासित कदमताल के साथ परेड प्रस्तुत कर देशभक्ति का जज्बा दिखाया। समारोह के दौरान मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और झारखंड राज्य के निर्माण के लिए लंबे संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर आंदोलनकारियों और उनके परिजनों में गौरव और खुशी का माहौल देखने को मिला। अपने संबोधन में मंत्री हफीजुल हसन ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, सामाजिक न्याय और आम लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। मंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और सिंचाई समेत विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने राज्य के विकास में आम लोगों की भागीदारी और सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानी, झारखंड आंदोलनकारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।स्वतंत्रता सेनानियों और आंदोलनकारियों का सम्मान
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं















