धनबाद: भर्ती व्यवस्था में सुधार और सरकारी नियुक्तियों में पारदर्शिता की मांग को लेकर चल रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के नौवें दिन छात्र नेता देवेंद्र महतो धनबाद पहुंचे। संथाल परगना और उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के दौरे के अंतिम चरण में धनबाद पहुंचे देवेंद्र महतो ने बिनोद बिहारी महतो के आवास पर मीडिया से बातचीत की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान को युवाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि संथाल परगना के दौरे के दौरान युवाओं ने आंदोलन को उसके अंतिम मुकाम तक पहुंचाने का अनुरोध किया।

'यह सिर्फ देवेंद्र महतो की नहीं, पूरे झारखंड के युवाओं की आवाज'

देवेंद्र महतो ने कहा कि यह आंदोलन केवल उनकी व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, बल्कि पूरे झारखंड के युवाओं की आवाज है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को नौकरी उनकी योग्यता के आधार पर मिलनी चाहिए, न कि पैसे के बल पर।

उन्होंने शिक्षाविद और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे बिनोद बिहारी महतो के 'पढ़ो और लड़ो' के आह्वान का जिक्र करते हुए युवाओं से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की बात कही।

'सरकार के शागिर्दों ने खोल रखी है नौकरी की दुकान'

भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार को लेकर देवेंद्र महतो ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के शागिर्दों ने नौकरी की दुकान खोल रखी है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अगर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं सामने आती हैं तो केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी। इस पूरे मामले में बड़े नेताओं और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

24 में से 12 जिलों का दौरा पूरा

देवेंद्र महतो के मुताबिक, भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के तहत राज्य के 24 जिलों में से 12 जिलों का दौरा पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान युवाओं से लगातार संवाद किया जा रहा है और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने दावा किया कि संथाल परगना क्षेत्र में युवाओं ने आंदोलन को निर्णायक परिणाम तक पहुंचाने की अपील की है।

बलियापुर से शुरू होगी यात्रा

धनबाद में यात्रा के अगले चरण की शुरुआत बलियापुर स्थित बिनोदधाम से होने की बात कही गई है। इसके बाद यात्रा किसान चौक और मनिंद्र चौक होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंचेगी।

स्पेशल रेपोर्ट्स