देवघर: सदर अस्पताल देवघर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। बुधवार को देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने सदर अस्पताल पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण कार्य और मरीजों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी हासिल की। डीसी ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि सदर अस्पताल परिसर में बन रहा क्रिटिकल केयर ब्लॉक करीब एक सप्ताह के अंदर तैयार हो जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दोबारा इसका निरीक्षण और रिव्यू किया जाएगा, ताकि ब्लॉक में मरीजों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की जा सके।
क्रिटिकल केयर ब्लॉक के शुरू होने से गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता भी कुछ मामलों में कम हो सकती है।
नए क्रिटिकल केयर ब्लॉक के संचालन से सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।















